अभाव
मेरे क्लिनिक के पास ही एक छोटी सी बस्ती थी। जहाँ गरीब अनपढ़ लोग अपने परिवारों के साथ रहते थे। सुबह करीब दो घंटे के लिए मैं क्लिनिक में सिर्फ इन्हीं लोगों का मुफ्त इलाज करती थी और शाम को प्राइवेट प्रैक्टिस करती थी।कभी-कभी मैं अपनी टीम के साथ बस्ती में जाकर कुछ दवाईयाँ व इंजेक्शन वगैरह लगा कर इनकी सहायता करने की कोशिश करती थी। बस्ती में लोग खूब ड्रग्स,शराब, तम्बाकू लेते और इन्फेक्शन,बुखार,डायरिया जैसी बीमारियों से ग्रसित रहते थे। ख़ास तौर पर बच्चे और लड़कियां तो अनेक तरह की मानसिक व शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे थे। मैं इन लोगों को अपनी तरफ से अनेक मुद्दों - साफ़-सफाई,नशा,सेक्स,पढ़ाई-लिखाई आदि के बारे में काफी समझाती थी लेकिन ये लोग अपनी ही दुनिया में या जिंदगी की जद्दोजहद में ही मशगूल थे।सही मायनों में इन लोगों को इसी माहौल में रहने की आदत हो गयी थी।
आज बस्ती में एक सोलह साल की कमजोर सी लड़की की डिलीवरी करवाई। कितनी ही उलझनों और प्रॉब्लम्स के साथ बच्चे का जन्म तो हुआ लेकिन वह लड़की मरते-मरते ही बची थी। खैर लड़की की माँ को दवाई वगैरह समझा कर मैं अपनी नर्स बेला के साथ क्लिनिक वापस लौट रही थी तभी बेला ने कहा - मैम ये लड़की तो खुद बच्ची थी और इसका अपना बच्चा हो गया। आज के समय में भी ये लोग कैसे रह रहे हैं ?
ये सब अपनी गरीबी से मजबूर हैं और उस से भी ज्यादा शिक्षा का अभाव है - मैंने कहा। थोड़ी देर बाद क्लिनिक बंद कर हम लोग घर के लिए निकल लिए।
अगले दिन शाम को मेरे क्लिनिक के बाहर एक गाड़ी रूकी और उसमें से एक महिला अपनी टीनेजर लड़की के साथ अंदर आयी और अपनी बारी के इंतज़ार में मेरे केबिन के बाहर इंतज़ार करने लगी। थोड़ी देर बाद वो महिला अपनी लड़की के साथ अंदर आयी और बोली - हेलो डॉक्टर शी इज माय डॉटर...आप जरा इसका चेकअप कर लें। कई दिन से इसकी तबियत ख़राब है।
हाय डॉक्टर। एक्चुअली मेरे ऑफिस में वर्कलोड बहुत ज्यादा है शायद इस वजह से मुझे कुछ दिनों से चक्कर आ रहे हैं और वोमिटिंग भी हो रही है - निकिता ने बताया।
क्या तुम मैरिड हो ?
नहीं - उसने मुस्कुराते हुए कहा।
ओके। जनरल पूछताछ के बाद मैंने बेला से निकिता का ब्लड सैंपल लेने को कहा।
देखें निकिता आपकी ब्लड रिपोर्ट देखने के बाद ही मैं कोई दवा स्टार्ट कर पाउँगीं। कल सुबह तक रिपोर्ट आ जायेगी।आप कल शाम की अपॉइंटमेंट ले लें।
ओके। देन वी विल कम टुमारो। इतना कह दोनों क्लिनिक से चली गयीं।
अगले दिन शाम को जब मैं क्लिनिक पहुँची तो मेरी नर्स बेला ने मुझे निकिता की रिपोर्ट दिखाई। निकिता की रिपोर्ट के अकॉर्डिंग निकिता प्रेग्नेंट थी और ब्लड में ड्रग्स के कुछ अंश भी मौज़ूद थे।
अरे ! इसकी रिपोर्ट तो...मैंने बेला को देखते हुए कहा।
वही तो मैम बस्ती में तो माना शिक्षा का अभाव है ये सब समझ में आता है लेकिन इस केस में भी क्या ...?
* क्या वाकई शिक्षा का अभाव व गरीबी इन सस्याओं का कारण है ?